91 laakh se adhik jarooratamandon ko mil rahee hai raajasthaan mein saamaajik suraksha penshan
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संवेदनशील, समावेशी एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान कर रही है। वर्तमान में विभिन्न योजनाओं के तहत 91 लाख 83 हजार से अधिक लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन से लाभान्वित हो रहे हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर 5 जून 2024 को पात्रता निर्धारण की प्रक्रिया को और अधिक स्पष्ट व पारदर्शी बनाने हेतु नियमों में संशोधन किया गया। इन संशोधित नियमों के निरंतर क्रियान्वयन से वृद्धजनों, विधवाओं, परित्यक्ता एवं तलाकशुदा महिलाओं, विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों तथा लघु-सीमांत कृषकों को नियमों के अनुरूप पेंशन सुनिश्चित हो रही है।

मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित न रहे। इसी दिशा में पेंशन आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं जन-मित्रवत बनाया गया है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति स्वयं या ई-मित्र के जरिए सहजता से आवेदन कर सके। पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन व पेपरलेस रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसमें जनआधार आधारित सत्यापित मेटाडेटा के माध्यम से आवेदन, स्वीकृति एवं भुगतान होता है। पेंशन राशि डीबीटी द्वारा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है, जबकि संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण भी सुनिश्चित है।
राज्य सरकार मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन, एकल नारी सम्मान पेंशन, विशेष योग्यजन पेंशन तथा लघु-सीमांत कृषक सम्मान पेंशन योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। इसके साथ ही केंद्र की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा एवं निशक्त पेंशन योजनाओं को भी प्रदेश में बड़े पैमाने पर लागू किया जा रहा है। इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
