Bigg Boss 20 Teaser Out
Bigg Boss 20 Teaser Out: रियलिटी शो ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए खुशखबरी है—अब उनका इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। जियोहॉटस्टार और कलर्स ने शो का पहला टीजर रिलीज कर दिया है, जिसमें होस्ट सलमान खान का जबरदस्त और दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।
टीजर की शुरुआत सलमान खान की शाही एंट्री से होती है, जहां वह घोड़े के साथ नजर आते हैं। इसके बाद वह अपने खास अंदाज में एक रहस्यमयी संवाद बोलते हैं—“जो करण अर्जुन में हुआ था, वो अब बिग बॉस में होगा… तथास्तु!” यह डायलॉग सुनते ही फैंस के बीच उत्साह और जिज्ञासा दोनों बढ़ गए हैं। टीजर में दिखाए गए विजुअल संकेत इस सीजन की कहानी और संभावित ट्विस्ट को लेकर सस्पेंस को और गहरा करते हैं।

नए सीजन को लेकर सलमान खान ने कहा कि ‘बिग बॉस’ का हर सीजन नए खेल, बदलते रिश्तों और अनपेक्षित मोड़ों से भरा होता है। लेकिन इस बार शो में एक ऐसा रहस्य छिपा है, जो इसे अब तक के सभी सीजनों से अलग और खास बनाएगा।
उन्होंने आगे कहा, “पहला संकेत सामने आ चुका है, बस उसे ध्यान से समझने की जरूरत है। यह टीजर सिर्फ शुरुआत है। जब शो शुरू होगा, तब दर्शक इन संकेतों को जोड़कर इस रहस्य को समझने की कोशिश करेंगे।”
‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर से होने जा रहा है। यह शो कलर्स चैनल पर प्रसारित होगा, वहीं दर्शक इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे। मेकर्स का दावा है कि इस बार का सीजन पहले से ज्यादा रोमांचक, ट्विस्ट से भरा और पूरी तरह अप्रत्याशित होने वाला है।
