JP Nadda Meets Student Protesters
JP Nadda Meets Student Protesters: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के बाद नड्डा ने प्रदर्शनकारी छात्रों से अपना धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सोमवार सुबह प्रदर्शनकारियों की ओर से पहली बार औपचारिक बातचीत का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 बजे वार्ता शुरू हुई। उन्होंने कहा कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें प्रारंभ में विभिन्न मुद्दों पर मौखिक चर्चा की गई। शाम लगभग 4 बजे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन भी सौंपा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि प्रदर्शनकारी धरना समाप्त कर दें तो प्रशासन को हालात सामान्य करने में मदद मिलेगी, इसलिए उन्होंने सभी छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। इससे पहले सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और नेता आशुतोष रांका ने नड्डा से उनके आवास पर हुई मुलाकात की पुष्टि की। सौरव दास के अनुसार, दो घंटे से अधिक इंतजार के बाद करीब 10 मिनट चली बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपना लिखित ज्ञापन मंत्री को सौंपा और नड्डा ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मुद्दे पर आंतरिक स्तर पर विचार-विमर्श करेगी तथा प्रदर्शनकारियों के साथ संवाद जारी रखा जाएगा।
