दौसा में हाईवोल्टेज ड्रामा! जमीन के हक के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी महिला
दौसा: रामगढ़ पचवारा इलाके में मंगलवार सुबह जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया। ग्राम पंचायत गांगलियावास में एक महिला अपने बुजुर्ग पिता की जमीन में हिस्सेदारी की रजिस्ट्री कराने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला के काफी देर तक टंकी पर बने रहने से मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
सुबह करीब 7 बजे टंकी पर चढ़ी महिला
जानकारी के मुताबिक, कजोडी देवी मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिला का कहना है कि वह अपने बुजुर्ग पिता की जमीन में अपने हिस्से की रजिस्ट्री करवाना चाहती हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने टंकी पर चढ़कर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में टंकी के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर संभाली स्थिति
मामले की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए लालसोट सीओ के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
इसके अलावा तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर महिला से बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सिविल डिफेंस टीम को भी मौके पर बुलाया।
पिता को मौके पर बुलाने की कोशिश
डिप्टी एसपी सत्यनारायण यादव के अनुसार, महिला अपने बुजुर्ग पिता की जमीन में अपने हिस्से की रजिस्ट्री कराने की मांग कर रही है। पुलिस ने मामले को बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश शुरू की है।
प्रशासन की ओर से महिला के पिता को घर से मौके पर बुलाने की तैयारी की गई, ताकि उनकी मौजूदगी में दोनों पक्षों की बात सुनी जा सके और विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जा सके।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम महिला को समझाने में जुटी है। अधिकारियों का प्रयास है कि बातचीत के जरिए मामला शांत हो और महिला सुरक्षित तरीके से पानी की टंकी से नीचे उतर आए।
